बुधवार, 29 अगस्त 2012

कहना तो चाहा हमने

कहना तो चाहा हमने
बहुत कुछ .... कई बार ...
कभी मुनासिब शब्द न मिले ..
कभी जायज़ वक़्त न मिला ...

एक और भी थी उलझन ... बस ये ही नहीं
कुछ अहम था वो कारण ... बस यूँ ही नहीं

चूँकि ये दास्ताँ हर शेर और हर गीत में नज़र आती है
हर उस शेर से जुदा तर्ज़ न मिली
हर उस गीत से अलग अर्थ न मिल

पर सच्ची हो चाहत ...तो तराने मिल ही जाते हैं
हो एहसासों में शिद्दत ...तो नज़्म वो बन ही जाते हैं


कि तुम ही हो जो हमको ख्वाब में आकर सताते हो
कि हर ज़र्रे में तुम ही तुम नज़र यूँ हमको आते हो
उदासी के ख्यालों से तुम्ही हमको बचाते हो ..
कि चुपके से मेरे मन को तुम्ही तो गुदगुदाते हो ...

कभी हमको हंसाते हो ...कभी हमको सताते हो
हो आलम जश्न या ग़म का ..... तुम्ही तुम याद आते हो

कि हो कोई भी धुन पर .... जब मेरा मन गुनगुनाता है
प्यार के बोल बनकर तुम ....लबों पर आ ही जाते हो
कि बारिश जब बरसकर भी ...  तरसता छोड़ जाती है
तो आकर तुम तस्सवुर में ... मुझे जन्नत दिखाते हो 

कि जब भी जिक्र होता है ... दिलों कि जुस्तजू का तो
इन आँखों के झरोखों में ...तुम ही तुम झिलमिलाते हो
इज़हार-ए-इश्क में अब कहें क्या और हम तुमसे
मेरे तो सब कुछ तुम ही हो ... अब कह दो तुम हमारे हो ....
 

बुधवार, 4 जुलाई 2012

क्या खोया क्या पाया ?

आज मैंने फिर कुछ खोया 
मेरा मन आज फिर रोया
और अनायास ही पूछ बैठ मैं अपने आप  से
कि आज तक मैंने क्या क्या है खोया

उठते ही यह प्रश्न मेरा मस्तिष्क मुझपे चिल्लाया
उसने मेरे आत्मविश्वास को दुष्परिणाम के लिए चेताया
अंतर्मन कि शान्ति को धमकाकर दूर भगाया
फिर जाने कहाँ से ढूंढकर एक लिस्ट उठाकर लाया
और बोला
"अब सुन तुझको बतलाता हूँ , जो कुछ भी तूने खोया "

तेरी किस्मत ने है तुझको जन्म से ही झुठलाया
तूने सुविधापूर्ण जीवन का पहला चांस गंवाया
जैसे ही एक साधारण से परिवार में जन्म पाया

याद नहीं क्या तुझको बचपन में खोया वो खिलौना
और दूसरा खिलौना पाने के लिए बार बार फिर रोना

छोटा भाई आया तो तू हंसा बहुत फिर रोया
क्योंकि घर में सबका प्यारा होने का हक़ खोया

याद भी है कितनी पेंसिल और पानी कि बोतल खोयी
स्कूल के उन गलियारों में घर कि मस्ती थी खोयी

अच्छी थी तैयारी पर कोचिंग मिली न डोनेशन
कैसे मिलता तुझको अच्छे कॉलेज में एडमीशन

कॉलेज घर से दूर मिला तो मन ही मन तू रोया
अच्छा कॉलेज , घर का खाना , दोनों ही था खोया

खोया अनेको बार उससे अकेले मिलने का मौका
और खोया अपना प्यार दिया अंत में उसने जब धोखा

जब आया एक अच्छी नौकरी को पाने का मौका
ये रास्ता भी कभी किस्मत और कभी आरक्षण ने रोका
...
मैंने कहा बस रुक जा भाई मेरा सिर चकराया है
क्या ऐसा कुछ भी नहीं जो मैंने पाया है ?

मेरे अंतर्मन ने ये सुनहरा मौका नहीं गंवाया
और मेरे व्यथित मन को एक दूसरा ही सच दिखलाया

"पाने की लिस्ट कई गुना लम्बी है , ये पहले ही बतलाता हूँ
और तुम चाहो तो मैं इसको शोर्टकट में सुनाता हूँ "

ये खोना-पाना-किस्मत सब मस्तिष्क की केलकुलेशन का खेल है
और अगर तुम चाहो तो ये सारी केलकुलेशन फेल है

सोचा जाये तो इस जीवन से शुरू कर सब कुछ तुमने पाया है
और बाकी सब तो --  वो कहते है न कि  ' मोह माया है '

तुम बस वो ही खो सकते हो जो तुमने खुद कमाया है
और वो धन-संपत्ति-वैभव  नहीं, वो चरित्र,  स्वास्थ्य और प्यार है

इन सबको खोना और पाना, है सब अपने ही हाथ
ये ही देंगे बचपन और बुढ़ापे तक तुम्हारा साथ

ये जीवन का लक्ष्य बने, तो खोने कर डर न सताएगा
और तब ही तुमको जीवन में , सच्चा आनंद आएगा

शुक्रवार, 1 अप्रैल 2011

कुछ तो अजीब है ...

कुछ तो अजीब है इस संसार में

उलझे ढंग से कुछ बोलो तो
सबको लगता सच्चा है  


पर मन की सच्ची चाहत का
विश्वास दिलाना पड़ता है 

उलट पलट मनोरंजन को 
बैठे है सब तैयार मगर 
कुछ बातें दिल की करनी हों
तो साथ ढूंढना पड़ता है 

कभी कभी तो ऐसा है 
कि बैठे है सब पास मगर
दो बात करूँ तो किससे करूँ 
यहाँ ये भी सोचना पड़ता है 

भीड़ है भी यहाँ और नहीं भी 
कोई और मिले न मिले
हर कुछ दिन के बाद 
यहाँ खुद को खोजना पड़ता है 

पर सबसे अजीब तो ये है की
खुद के मुताबिक जीने के लिए 
कभी कभी ... 
यहाँ खुद को भूलना पड़ता है

सोमवार, 17 जनवरी 2011

मैंने देखा है ...

इस ज़िन्दगी की उलझी टेढ़ी राहों में 
मैंने देखा है
देखा है प्यार कुछ अजनबी आँखों में
देखा है ऐतबार पल दो पल की मुलाकातों में
देखा है इकरार कुछ ना ना करती बातों में
देखा है संसार कुछ अनकहे रिश्ते नातों में
फिर क्यूँ ना ये मानू कि
सपने हो सकते है साकार इन उलझी टेढ़ी राहों में

शुक्रवार, 24 दिसंबर 2010

नए साल का नया अर्थ ...

आज है नया साल
तो मन में आता है एक सवाल
कि आखिर क्या महत्व है इस दिन का
जो है ये प्यारा सब के मन का

हर पर बढ़ते रहना समय का काम है
ये साल  एक और सफलता , समय के नाम है
पर हम क्यों मनाते है , ये दिन धूमधाम से
क्यों नहीं सोते है हम उस रात भी आराम से

तारीख तो रोज़ बदलती है, हम रोज़ ऐसे ही रहते है .. ?
क्या सिर्फ तारीख में ' बदलाव कि जगह बदलने को '   नया साल कहते हैं ??

ये तो बहुत गलत बात है ...
तारीखों के साथ भी पक्षपात है ...

शायद ये बस एक बहाना है
जीवन में खुशियाँ लाने का
पर ये दिन मुझे देता है चुनौती
मेरे अन्दर के इस सवाल का जवाब ढूंढ लाने का

बहुत सोचता हूँ तो अंतर्मन ये कहता है
कि समय तो हमेशा ही चलता रहता है
तो क्यों ना हम ....हर पर को खुशियों से भरे
और हर पल नयी शुरुआत करें

पर ऐसे अवसर पर हम ये भूल जाते हैं
कि हम किसी कारण ही ...मशीन नहीं इंसान कहे जाते हैं

हर पल नयी परिस्थिति और समस्या से जूझना बात आम नहीं
और हर पल संभलकर नयी शुरुआत करना आसान नहीं

यह कारण है कि इस एक दिन का महत्व बढ़ जाता है
और ऐसा हर दिन नयी शुरुआत का प्रतीक माना जाता है

यह दिन है एक नया सपना अपनी आँखों में भरने का 
और अपने मन में उन्हें पूरा करने का विश्वास भरने का

हर असफल मुकाम को ...एक बार फिर आशावादी हो कर देखने का
और नए सवेरे के साथ मन में नयी चेतना पैदा करने का

नया साल प्रतीक है ...नए कीर्तिमान स्थापित करने का
और बीते वर्ष के अधूरे लक्ष्यों को ... पुनर्जीवित करने का

तो चलो आज ...
नया लक्ष्य निर्धारित करें ... सोचे एक नया प्रकल्प
नए प्रकाश के साथ ... जाग्रति का ...करें नया संकल्प ..

हाँ ...
नए वर्ष का सही अर्थ शायद अब सामने आया है ...
यह अर्थ हर दिल तक पहुंचे ..
मेरे अंतर्मन ने मुझको ... यही स्वप्न दिखलाया है ...

क्या चाहना 'ही' है गलत ?

क्या कहूँ किससे कहूँ
हैं ऐसा क्यूँ ....कब तक सहूँ
कब तक मैं मन की बात को ..
दबाऊँ , और कुछ न कहूँ ...

है ऐसा कुछ इस दुनिया में ...
जो है सही वो ही गलत ..
कहते है जिसको सब सही ...
कर जाओ तो वो सब गलत ..

क्यों है जवाब मिलता नहीं ..
जब हो सवाल एहसास का
एक सच्चा सा एहसास क्यों
है सच्चा ...फिर भी है गलत .

गलती कहूँ या क्या कहूँ
वैसे तो कुछ गलती नहीं
पर न कहूँ तो क्या करूँ
अंजाम जब ना है सही

क्यों हमेशा ऐसे मोड़ पर
पता हूँ खुद को तन्हा मैं
जो हमसफ़र हो सकता है
उसको कहूँ तो क्या कहूँ

गर कह दिया तो डर है ये
ना खो दूँ  मैं उसको कहीं
इससे तो अच्छा ये है बस
मैं चुप रहूँ कुछ ना कहूँ

एक चाह मन में बस यही
कि चाहता हूँ जिसको मैं
ना मिले मुझको ना सही
पर माने मुझको अपना ही

जानता हूँ मैं ये भी
कि है गलत ये चाह पर ..
ऐसे में और कुछ नहीं
मैं सोचता हूँ बस यही

"क्या बस चाहना 'भी' है गलत
या चाहना 'ही' है गलत ? "

रविवार, 31 अक्टूबर 2010

बस यूँ ही ..

जीवन अपनी ही गति से चलता जाता है .
पर ये मन जाने कैसे कहाँ फँस जाता है ...

स्वार्थ में ही जीने की आदत होती है ..
चाहत कभी और कभी शिकायत होती है ..

अपना दुःख और अपनी ख़ुशी के आगे ...
कुछ भी हो उसकी कोई न कीमत होती है ...

और ये सब करना लगता है हमको हक अपना ...
आखिर सब ही तो सोचते हैं भला बुरा अपना ...  क्रमशः

गुरुवार, 30 सितंबर 2010

प्यार और फिर शादी ...

प्यार और फिर शादी ..
पहले ने चुरायी नींद और दूसरे ने उडादी ....

प्यार ... एक एहसास ख़ुशी का ...कि हाँ .... कोई तो है मेरा ...
और शादी ...एक चेतावनी ... कि भैया .. ये फैसला नहीं है केवल तेरा ....

प्यार .... हमने एक दूसरे को चुना है ...
और शादी ... ये कुछ नहीं .. तुम्हारा बचपना है ....

 प्यार ... एक दूसरे के साथ का अनकहा वादा .....
और शादी .... एक सवाल .... कौन प्यारा है तुम्हे ज्यादा ...

 प्यार .... साथ रहेंगे तो सब अच्छा होगा ...
 और शादी ... तय करलो ... कि माँ और बीवी में कौन सच्चा होगा ...

पर ये तो है कहानी का एक पहलू ....
दूसरे को ना देखना तो धोखा होगा ... शायद खुद से ही ...

तो सोचो ...
ये वाकई प्यार है या नादानी ...
क्या रिश्तो की अहमियत तुमने है जानी ...
और क्या उससे जुडी ज़िम्मेदारी भी है पहचानी ..

मन तो पानी के सामान होता है ...
आसान रास्ता ही चुनता है ...
भले ही वो राह ...आज के खुशियों के शिखर से ....
कल ग़म के  अँधेरे गर्त में ले जाए ...

बहती नदी  के रास्ते में गर मुश्किल आने लगे ...
तो एक सैलाब आएगा और रास्ता बदल जाएगा
पर ये ऐसा फैसला नहीं ...
कि मन बदल जाए तो फैसला बदल दो ...
यहाँ एक साथ कई ज़िन्दगियो में सैलाब आ जायेगा


एक बार पूछो ये खुद से ..
क्या ये सिर्फ भावनाओं का प्रवाह है ..
या इसके पीछे एक सच्चे मन की चाह है ...
क्या ये क़यामत तक भी ना डिगने जैसा इरादा है ...
या ... तुम्हारे आज की ख़ुशी की अहमियत ... उसकी या किसी की भी ख़ुशी से ज्यादा है ..

मुश्किल कुछ नहीं है ... बस सच्चा बन कर रहना होगा ...
और सबकी ख़ुशी के लिए ... कभी कभी कुछ सहना होगा ...
और नहीं पाते तैयार खुद को इस सब के लिए ...
तो भूल जाओ ....
क्योंकि शादी कोई खेल नहीं है ...
प्यार और शादी तो आत्माओं का मिलन है ...
दो बहके दिलों का मेल नहीं है ....

गुरुवार, 23 सितंबर 2010

एक पैगाम ...

एक पैगाम मेरे उस दोस्त के लिए
जोकि कहता है के उसको फुर्सत नहीं है


"कहना सुनना भले ही रिश्तों में होता रहे 
भूल जाऊं मैं रिश्ते , मेरी फितरत नहीं है

छोटी बातें बड़ी ना बने इसकी खातिर
कई दफा झुकने में मुझको दिक्कत नहीं है

और इसके बाद भी कोई ना माने तो कह दूँ
कि मुझे भी ऐसे किसी कि जरुरत नहीं है"

शुक्रवार, 3 सितंबर 2010

काश ...

काश ...हर सच का बस एक ही चेहरा होता ...
काश ... हर रंग बस काला या सुनहरा होता ...
मुझे कोई शिकायत नहीं है किसी भी रंग से लेकिन ...
बदलते रंगों से बेहतर तो ... काला रंग ही होता ...

काश ... विश्वास का ...बस एक ही मतलब होता ...
होने न होने के बीच ...'लेकिन' कहीं न होता ...
हर किसी के विश्वास की चाहत नहीं है लेकिन ....
कोई एक विश्वास जो कि... बस मेरा ही होता ...

काश सच्चे इंसान का हरपल .... इम्तेहान न होता ...
या फिर ..सच्चा होना ही ..इतना मुश्किल न होता ...
ऐसा नहीं कि ...मुश्किलों से डर लगता है लेकिन ...
हर मुश्किल को जीतने पर  ... वो एक इनाम तो होता ....