मंगलवार, 11 मई 2010

मैं करूँगा उसका इंतज़ार ...

एक दिन मेरे अज़ीज़ दोस्त ने मुझसे पूछा
कि यूँ तो तू  लोगो से
ज्यादा बात - वात करना पसंद नहीं करता
न ही किसी से ज्यादा घुलता मिलता

फिर क्यों होता है परेशान
जब  उसको तुझसे दो बात करने का भी वक़्त नहीं मिलता
क्यों लगती है तेरे मन को ठेस उसके रूठने से
जबकि उसका मन तेरे बिलखने से भी नहीं हिलता

क्यों तू भी नहीं भूल जाता
और क्यों नहीं मान लेता कि
विश्वास ऐसा फूल है जो
एक बार मुरझा जाये तो फिर नहीं खिलता

ये दुनिया ऐसी ही है
लोग मिलते है , बिछड़ते हैं  .....  भूल जाते हैं
फिर क्यों , ये बीते हुए पल
बस तुझे ही इतना सताते है

मैंने कहा
कि इस मन के आँगन में
मेरे दोस्त हमेशा रहते है
क्योंकि मैं जानता हूँ
कि लोग कई बार वो नहीं होते
जो वो दिखते हैं , कहते है

मैंने देखा है उसको मेरी परवाह में दिन बिताते हुए
तो कैसे देख लूँ  उसे
चुपचाप मुझसे रूठकर दूर जाते हुए

आज वो परेशान है , शायद नाराज़ है
तो मैं क्यों भूल जाऊं
कि वो मेरा हमदर्द - हमराज़ है  
वो भले ही कह दे कई बार
कि उसको मेरे बोलने से ऐतराज़ है
पर क्यों न मैं सुनु वो ,
जो उसके मन के अलफ़ाज़ हैं

और अगर ये सच भी है कि वो भूल चुका है मुझे  
तो भी
मैं करूँगा उसका इंतज़ार
मानकर कि वो आएगा वापिस एक दिन
चाहे वो तोड़े मेरे मन के भ्रम बार बार

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें